हिंदुत्व के अपमान पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना…

भोपाल : राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सहयात्री के तौर पर पदयात्रा कर  रहे अंशुल त्रिवेदी के एक वीडियो पर बवाल मच गया है। इसमें उन्होने हिंदुत्व को उग्र और कुरूप कहा है और इसपर अब बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि राहुल गांधी और उनके सहयोगी जिस तरह लगातार हिंदुत्व का अपमान कर रहे हैं, उसपर अब उन्हें जवाब देना होगा।

वीडी शर्मा ने कहा कि ‘राहुल गांधी जी आपके सिपाहसलार और आप के लोगों के द्वारा जिस प्रकार से हिंदुत्व का अपमान लगातार हो रहा है। आपने कहा कि हिंदुत्व एक कुरूप चेहरा है उसके खिलाफ राहुल गांधी जी अभियान चला रहे हैं।  आपको इस देश को जवाब देना पड़ेगा। जिस हिंदुत्व के बल पर, जिस अध्यात्म के बल पर दुनिया इस भारत को सर्वश्रेष्ठ भारत के तौर पर नमस्कार करती है, आज दुनिया इस हिंदुत्व के जीवन पद्धति के आधार पर ही भारत की संस्कृति और उसको मानने का प्रयास करती है लेकिन आप लगातार हिंदुत्व पर जो प्रहार करते हैं, हिंदुत्व का आपने जिस प्रकार से अपमान किया है, यह देश की जनता आपसे पूछना चाहती है। आपको क्या अधिकार है, आप क्या हैं पहले तो यही बता दीजिए। आपके बारे में जनता जानना भी चाहती है कि आप क्या हैं।’ उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस केवल हिंदुत्व पर प्रहार करके भारत के अंदर तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है।

Leave a Reply